
15 अगस्त को शहर में मांसाहारी पदार्थों की बिक्री पर रहेगा प्रतिबंध,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशों के पालन में 15 अगस्त 2026, शनिवार को नगर में मांसाहारी पदार्थों के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान मुर्गा, मुर्गी, मांस, मछली सहित अन्य मांसाहारी पदार्थों की बिक्री पूर्णतः बंद रहेगी।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने इस संबंध में आम सूचना जारी कर नगरवासियों एवं मांसाहारी पदार्थों का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जारी सूचना के अनुसार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर क्षेत्र में मांसाहारी पदार्थों का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकेगा। संबंधित दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित दिन अपनी दुकानें बंद रखें और किसी भी प्रकार की मांसाहारी सामग्री की बिक्री न करें।
स्वास्थ्य अधिकारी ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंध के बावजूद मांसाहारी पदार्थों का क्रय-विक्रय करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने आम नागरिकों और संबंधित व्यवसायियों से शासन के निर्देशों का पालन करते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।




