निगम स्कूलों में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
के.सी.एस. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक आयोजन किया

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नगर निगम द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत निगम क्षेत्र के विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को निगम के विद्यालयों में विद्यार्थियों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रमों में शाला प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
के.सी.एस. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक आयोजन किया गया। इसके बाद छात्राओं के लिए तिरंगा पेंटिंग एवं तिरंगा राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने तिरंगे के तीनों रंगों और राष्ट्रीय प्रतीकों को अपनी कलाकृतियों में उकेरते हुए देश के प्रति अपने सम्मान और प्रेम को अभिव्यक्त किया।
वहीं साधुराम शाला में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के बाद क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रीय प्रतीकों और स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सवाल पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए और देश के इतिहास एवं राष्ट्रीय प्रतीकों से संबंधित अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
नगर निगम की ओर से आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के आयोजन से जोड़ने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से विद्यालयों और आम नागरिकों के बीच तिरंगे के सम्मान एवं देशभक्ति का संदेश लगातार पहुंचाया जा रहा है।




