बरगवां रोड पर ज्वेलर्स शोरूम में बड़ी चोरी, दीवार तोड़कर करोड़ों के जेवरात ले उड़े चोर
Katni

बरगवां रोड पर ज्वेलर्स शोरूम में बड़ी चोरी, दीवार तोड़कर करोड़ों के जेवरात ले उड़े चोर,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शहर के बरगवां रोड स्थित कृष्णा ज्वेलर्स शोरूम को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों-करोड़ों रुपये के कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने सुनियोजित तरीके से शोरूम की पिछली दीवार में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा गुरुवार सुबह शोरूम खुलने पर हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में घुसे चोर
जानकारी के मुताबिक, हाउसिंग बोर्ड निवासी मोहन बजाज का बरगवां रोड पर कृष्णा ज्वेलर्स के नाम से आभूषणों का बड़ा शोरूम संचालित है। रोजाना की तरह जब सुबह संचालक और कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। शोरूम की पिछली दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखे शोकेस व तिजोरी से बड़ी मात्रा में कीमती सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए जेवरात की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस और डॉग स्क्वाड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस शोरूम सहित आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों की तलाश और चोरी गए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन करने की कार्रवाई जारी है।
शहर के व्यस्ततम इलाके में हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है।




