कटनी को मिली तीन नई यात्री बसें, ग्रामीण क्षेत्रों से शहर तक आसान होगा सफर
कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के लिए संचालित होंगी बसें, जीपीएस और पैनिक बटन से रहेगी सुरक्षा

कैमोर, बाकल और सलैया से कटनी के लिए संचालित होंगी बसें, जीपीएस और पैनिक बटन से रहेगी सुरक्षा
राजेश सांघेलिया
कटनी। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत जिले को मिली तीन नई यात्री बसें कटनी पहुंच गई हैं। इन बसों का संचालन दीनदयाल कटनी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा निर्धारित रूटों पर किया जाएगा।
एक बस कैमोर से कटनी के बीच विजयराघवगढ़, देवरा और कन्हवारा होते हुए चलेगी। दूसरी बस बाकल से कटनी तथा तीसरी बस सलैया से कटनी के बीच निर्धारित मार्गों से संचालित होगी।
बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को जिला मुख्यालय तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों का सफर आसान होगा।
इन बसों में जीपीएस और पैनिक बटन जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। जीपीएस से बसों की लाइव लोकेशन की निगरानी होगी, जबकि आपात स्थिति में पैनिक बटन यात्रियों की सुरक्षा में मदद करेगा।




