Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

ऑपरेशन FAST-2.0 में कुठला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी सिम जारी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट का गलत इस्तेमाल कर लोगों के नाम पर निकलवाते थे सिम, POS मशीन सहित मोबाइल और सिम कार्ड जब्त

आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट का गलत इस्तेमाल कर लोगों के नाम पर निकलवाते थे सिम, POS मशीन सहित मोबाइल और सिम कार्ड जब्त,

राजेश कुमार तिवारी 

कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर संदिग्ध सिम विक्रयकर्ता एजेंटों और धारकों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन FAST-2.0 (Forged Activated SIM Termination) के तहत कुठला पुलिस ने फर्जी तरीके से सिम जारी कर उनके दुरुपयोग के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम डिठवारा निवासी 21 वर्षीय ओम कोल ने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपने आधार कार्ड से केवल एक मोबाइल नंबर की सिम ली थी। वर्ष 2024 में सागर बर्मन ने एयरटेल पेमेंट बैंक खाता खुलवाने के नाम पर उसके आधार कार्ड की प्रति और फिंगरप्रिंट लिए थे। आरोप है कि इसी जानकारी का इस्तेमाल कर उसकी जानकारी के बिना उसके नाम से 29 अप्रैल 2024 को एक अन्य मोबाइल नंबर की सिम जारी कराई गई, जिसका बाद में ठगी में दुरुपयोग किया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सागर बर्मन के विरुद्ध बीएनएस, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी और संदिग्ध मोबाइल धारकों से पूछताछ की। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त दस्तावेजों और कैफ रिपोर्ट की जांच में संदिग्ध मोबाइल नंबरों के साथ-साथ POS एजेंट सागर बर्मन द्वारा जारी कराई गई सिम की भी पड़ताल की गई।
विवेचना में पुलिस ने सागर बर्मन को ग्राम सहसपुरा से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने साथी राहुल कुशवाहा के साथ मिलकर डिंडोरी निवासी रामजी साहू के कहने पर लोगों की जानकारी के बिना उनके नाम से सिम जारी कर अन्य लोगों को बेचने की बात बताई। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर उसके घर से POS मशीन बरामद की गई।
मामले में पुलिस ने सागर बर्मन पिता विकास बर्मन, उम्र 22 वर्ष, निवासी सहजपुरा थाना कुठला, राहुल कुशवाहा पिता रामशरण कुशवाहा, उम्र 27 वर्ष, निवासी भैंसवाही थाना विजयराघवगढ़ और रामजी साहू पिता दशरथ लाल साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी मेहंदवानी थाना मेहंदवानी, जिला डिंडोरी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, POS मशीन, सिम कार्ड सहित अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर फर्जी सिम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया, सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम एवं केशव मिश्रा, प्रधान आरक्षक अजीत मिश्रा, राहुल मिश्रा, सुनील पाण्डेय तथा आरक्षक अजय यादव, विवेक शुक्ला, बुद्धू कुमार और मनोज राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!