4 अक्टूबर को शहर में लगेंगे मेगा सेवा सेतु शिविर छह स्थानों पर एक साथ मिलेगी शासकीय योजनाओं और सेवाओं की सुविधा
Katni

4 अक्टूबर को शहर में लगेंगे मेगा सेवा सेतु शिविर
छह स्थानों पर एक साथ मिलेगी शासकीय योजनाओं और सेवाओं की सुविधा,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। नगर पालिक निगम द्वारा 4 अक्टूबर को शहर के विभिन्न स्थानों पर ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत मेगा सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जाएंगे। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित इन शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविरों में पीएम स्वनिधि, संबल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, समग्र ई-केवाईसी, जन्म-मृत्यु-विवाह पंजीयन, नवीन नल कनेक्शन, जलकर, भवन अनुज्ञा, फायर एनओसी, नामांतरण, कर निर्धारण और ट्रेड लाइसेंस सहित विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग काउंटर लगाए जाएंगे।
नगर निगम द्वारा शिविरों में आवश्यक तकनीकी और मूलभूत सुविधाओं के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। शिविरों की व्यवस्थाओं और हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं की रियल टाइम निगरानी भी की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर पात्रतानुसार योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने की अपील की है।




