राजस्व-जलकर की बैठक से 22 कर्मचारी रहे नदारद, निगम ने थमाया नोटिस
दो दिन में मांगा जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

दो दिन में मांगा जवाब, संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर निगम में राजस्व एवं जलकर वसूली की समीक्षा के लिए आयोजित महत्वपूर्ण बैठक से बिना सूचना और अनुमति के अनुपस्थित रहना 22 कर्मचारियों को भारी पड़ गया। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बताया गया कि बैठक में राजस्व एवं जलकर वसूली की प्रगति, लंबित वसूली और आगामी कार्ययोजना को लेकर समीक्षा की जानी थी। इस महत्वपूर्ण बैठक में सहायक राजस्व निरीक्षक, वार्ड वसूलीकर्ता, पंप चालक सहित कुल 22 कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे।
राजस्व अधिकारी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण वसूली कार्य की समीक्षा प्रभावित हुई। बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने को कर्तव्यों के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है।
सभी संबंधित कर्मचारियों को दो दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




