माधवनगर पुलिस ने पकड़ा नशीली गोलियों का जखीरा, 3 आरोपी गिरफ्तार
3000 नाइट्राजेपाम गोलियां और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त, एक आरोपी फरार

3000 नाइट्राजेपाम गोलियां और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त, एक आरोपी फरार,
कटनी। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3000 नशीली नाइट्राजेपाम गोलियां जब्त की हैं। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। जब्त नशीली गोलियों की कीमत करीब 13 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
संदिग्ध बाइक सवारों को पुलिस ने रोका
पुलिस के अनुसार 19 और 20 सितंबर की दरमियानी रात माधवनगर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सुरम्य पार्क के आगे अमकुही पहाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZK 0921 पर सवार दो युवक पुलिस को दिखाई दिए।
पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें रोक लिया। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम सचिन बर्मन (22), निवासी हिरवारा, थाना एनकेजे तथा पीछे बैठे युवक ने रितिक केवट (21), निवासी खीरहनी फाटक, थाना कोतवाली बताया।
थैले में मिलीं 3000 नशीली गोलियां
पुलिस ने बाइक पर रखे थैले के संबंध में पूछताछ की, लेकिन दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। संदेह के आधार पर थैले की तलाशी लेने पर उसमें NITRAZEPAM TABLETS I.P. NITZASCEN-10 लिखे हुए 10 पैकेट मिले।
पुलिस के मुताबिक प्रत्येक पैकेट में 6 पत्ते, प्रत्येक पत्ते में 5 स्ट्रिप और प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं। इस तरह कुल 3000 नशीली गोलियां बरामद की गईं। आरोपियों के पास इन दवाओं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी नहीं मिला।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई का कनेक्शन
पूछताछ के दौरान आरोपी सचिन बर्मन ने पुलिस को बताया कि नशीली गोलियां उसे रोहित रावलानी निवासी बंगला लाइन से मिली थीं। पुलिस ने मामले में रोहित नानकानी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि रोहित रावलानी निवासी माधवनगर फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नशीली गोलियों के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में सउनि वहाब खान, प्रधान आरक्षक कमलेश बैरागी, श्रीकांत सेन, पवन सिंह, विनोद विश्वकर्मा, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह एवं संजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजेश कुमार तिवारी




