Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

बैंकर्स के साथ बेहतर समन्वय कर पात्र हितग्राहियों को समय पर दिलाएं योजनाओं का लाभ: कलेक्टर

डीएलसीसी की बैठक में स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

✍️राजेश कुमार तिवारी 

कटनी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक आयोजित कर विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर आशीष तिवारी ने की।
कलेक्टर ने अधिकारियों और बैंकर्स को निर्देश दिए कि स्वरोजगार योजनाओं से जुड़े विभाग बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऋण एवं सहायता से संबंधित पात्र प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रखे जाएं और उनका शीघ्र निराकरण किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन सहित अन्य योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्वीकृत एवं बैंकों में लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को समय पर आर्थिक सहायता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागीय अधिकारी और बैंकर्स आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक अधिकारियों का सम्मान
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने पर भारतीय स्टेट बैंक, कटनी के रीजनल मैनेजर तथा इंडियन ओवरसीज बैंक, कटनी के शाखा प्रबंधक को कलेक्टर आशीष तिवारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरत कौर, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, लीड बैंक मैनेजर मेजरस किंडो, आरबीआई एलडीओ धीरज गुप्ता, नाबार्ड डीडीएम विकास कुमार जैन, आरसेटी डायरेक्टर पवन कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंकर्स मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!