17 एकड़ के पॉलीहाउस में आधुनिक खेती का मॉडल, कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण
Katni

17 एकड़ के पॉलीहाउस में आधुनिक खेती का मॉडल, कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। जिले में आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने की दिशा में ग्राम कौड़िया में किए जा रहे कृषि नवाचारों का कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने अवलोकन किया। दोनों अधिकारी प्रगतिशील किसान तेजिन्दर सिंह द्वारा करीब 17 एकड़ क्षेत्र में विकसित पॉलीहाउस पहुंचे और यहां फसल उत्पादन की व्यवस्थाओं एवं आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और डीएफओ गर्वित गंगवार भी मौजूद रहे।
पॉलीहाउस में शिमला मिर्च की विभिन्न प्रजातियों के साथ बैंगन, गोभी और अन्य फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। किसान तेजिन्दर सिंह ने अधिकारियों को फसलों के चयन, उत्पादन प्रक्रिया, फसल प्रबंधन और पॉलीहाउस में अपनाई जा रही तकनीकों के बारे में जानकारी दी।
पॉलीहाउस तकनीक के जरिए फसलों के लिए नियंत्रित और अनुकूल वातावरण तैयार कर बेहतर उत्पादन लेने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने फसलों की स्थिति और उत्पादन व्यवस्था का जायजा लेते हुए कृषि नवाचारों की जानकारी ली।
कलेक्टर और एसपी ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से खेती को अधिक उत्पादक बनाने के प्रयासों का अवलोकन किया। 17 एकड़ में विकसित यह पॉलीहाउस क्षेत्र में विविधीकृत और आधुनिक कृषि का उदाहरण बनकर सामने आया है।




