Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का सख्त एक्शन, तीन अधिकारियों को नोटिस और पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश

अधूरी तैयारी, देरी और लापरवाही पर कलेक्टर आशीष तिवारी नाराज; लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

अधूरी तैयारी, देरी और लापरवाही पर कलेक्टर आशीष तिवारी नाराज; लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, देरी और अधूरी तैयारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विभागीय योजनाओं, लंबित प्रकरणों और अब तक की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में समय पर उपस्थित हों।
बैठक में समय पर उपस्थित नहीं होने और अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग, मंडी सचिव तथा बीईओ रीठी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय-सीमा की बैठक शासन की प्राथमिकताओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए अधिकारी इसे गंभीरता से लें और अपने विभागीय दायित्वों की नियमित मॉनीटरिंग करें।
लंबित नामांतरण पर पटवारी पर कार्रवाई
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान तहसील बरही में फौती नामांतरण के लंबित प्रकरण का समय पर निराकरण नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित पटवारी की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने नायब तहसीलदार सिलौड़ी को सिलौड़ी बस स्टैंड से अवैध कब्जा हटाकर वहां शौचालय निर्माण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने तहसीलदार बहोरीबंद एवं ढीमरखेड़ा को फार्मर आईडी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख दुरुस्ती के लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने को कहा।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को एक माह के भीतर फसल गिरदावरी का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। डिजिटाइजेशन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर तहसीलदार स्लीमनाबाद एवं विजयराघवगढ़ के प्रति नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने की हिदायत दी।
अवैध उत्खनन पर चलेगा अभियान
जिले में अवैध उत्खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खनिज विभाग को अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से कन्हवारा क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर प्रभावी निगरानी रखने और इसमें संलिप्त वाहनों को पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
ओवरब्रिज की निकली सरिया तत्काल हटाने के निर्देश
बरगवां से जगन्नाथ चौक तक ओवरब्रिज मार्ग पर सड़क से बाहर निकली सरिया को लेकर भी कलेक्टर ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सेतु के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि इस संबंध में अधीक्षण यंत्री लोक निर्माण सेतु से भी मरम्मत कार्य को लेकर चर्चा की जा चुकी है।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में तेजी लाएं
बैठक में राजस्व, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति कल्याण, कृषि, लोक निर्माण, खनिज, ऊर्जा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और सामाजिक न्याय सहित विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एवं विवाह पंजीयन से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
तहसील मुख्यालयों में पक्के हेलीपैड बनाने पर जोर
कलेक्टर के पूर्व निर्देशों के पालन में झिंझरी कटनी, बड़वारा, स्लीमनाबाद और बरही में पक्के हेलीपैड का निर्माण हो चुका है। वहीं रीठी, बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ और ढीमरखेड़ा में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया जारी है। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को शेष स्थानों पर कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं और एएनसी पंजीयन की समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन एवं जांच की स्थिति तथा एनीमिया के मामलों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान की भी समीक्षा की गई।
सिलौड़ी अस्पताल में बुधवार और शनिवार को डॉक्टर की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित दिनों में चिकित्सक की उपलब्धता से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की भी हुई समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली गई। विजयराघवगढ़ सीडीपीओ को पात्र हितग्राहियों के नए जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करने के निर्देश
कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की स्वरोजगार एवं आर्थिक कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने और निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम उपायुक्त को सर्वे कराकर पीएम स्वनिधि योजना के लक्ष्य पूरे कराने की हिदायत दी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्रा सहित सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, उपसंचालक कृषि खेलावन डेहरिया, सहायक आयुक्त सहकारिता राजयशवर्धन कुरील, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ज्योति सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक मेजरस किंडो, जिला पंजीयक पंकज कोरी, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!