ड्यूटी से लगातार नदारद दो सफाई संरक्षक, नगर निगम ने थमाया कारण बताओ नोटिस
तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण, जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण, जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर निगम प्रशासन ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने और बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में लंबे समय से बिना सूचना के कार्यस्थल से गायब रहने वाले दो सफाई संरक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 08 में पदस्थ सफाई संरक्षक साहिल/संजय तथा वार्ड क्रमांक 26 के सफाई संरक्षक प्रकाश/बुद्धूलाल लगातार बिना किसी पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों की अनुपस्थिति के चलते संबंधित वार्डों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारी निशांत कनोजिया ने दोनों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों को अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन लंबे समय से अनुपस्थित रहने के कारण महत्वपूर्ण सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। वार्ड दरोगा द्वारा मौखिक रूप से चेतावनी दिए जाने के बावजूद उनकी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ।
नगर निगम प्रशासन ने कर्मचारियों के इस कृत्य को कर्मचारी आचरण संहिता के विपरीत मानते हुए तीन दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं देने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




