थाना परिसर में आग लगाने वाले दलपत की मौत, शव पहुंचते ही परिजनों ने किया चक्काजाम
पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग,
कटनी। कुठला थाना परिसर में बीते दिनों खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले 40 वर्षीय दलपत पटेल की जबलपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव कटनी पहुंचने पर परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे परिजनों का आरोप है कि दलपत की पत्नी छोटी बाई के साथ कुठला थाने में पदस्थ पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर मारपीट की थी। इसी घटना से आक्रोशित होकर दलपत ने थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसे दलपत को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शनिवार को शव कटनी पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई।
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24




