टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

हनुमान चालीसा के पाठ से गूंजा सिटी मॉल, 600 से अधिक विद्यार्थियों ने देखी ‘हनुमान अंश’

सेवा संकल्प अभियान के तहत निगम स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए विशेष फिल्म स्क्रीनिंग, संस्कार और संस्कृति से जुड़ा संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत निगम स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए विशेष फिल्म स्क्रीनिंग, संस्कार और संस्कृति से जुड़ा संदेश,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी, 8 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा निगम स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को कटनी सिटी मॉल में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इसके बाद दो थिएटरों में विद्यार्थियों ने फिल्म का प्रदर्शन देखा।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में 600 से अधिक विद्यार्थी और स्कूल स्टाफ शामिल हुए। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान हनुमान के साहस, समर्पण, सेवा, सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों से जुड़े संदेशों से परिचित कराया गया।
फिल्म को लेकर विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के बाद जैसे ही फिल्म का प्रदर्शन शुरू हुआ, विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। विद्यार्थियों ने अनुशासन के साथ फिल्म देखी और पूरे कार्यक्रम में उत्सुकता एवं प्रसन्नता का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्यों सहित जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों के साथ फिल्म देखी और उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विद्यार्थियों के समग्र विकास में शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और अच्छे विचारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज में सेवा, संस्कार एवं सकारात्मक सोच की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। निगम स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक पहल है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति, मानवीय मूल्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ने में सहायक होते हैं।
निगम स्कूलों के विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए इस तरह की सामूहिक फिल्म स्क्रीनिंग का आयोजन नगर में पहली बार किया गया। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से शुरू हुआ यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए एक यादगार और प्रेरणादायी अनुभव बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!