अनुकंपा नियुक्ति से तीन परिवारों को मिला सहारा, महापौर ने सौंपे नियुक्ति आदेश
निगमायुक्त की नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी

निगमायुक्त की नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। सेवाकाल के दौरान दिवंगत हुए नगर निगम कर्मचारियों के आश्रितों के लिए अनुकंपा नियुक्ति राहत और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी है। बुधवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने तीन आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश सौंपे।
नियुक्ति आदेश प्राप्त करने वालों में स्वर्गीय रविशंकर रैकवार के पुत्र अमित रैकवार को सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति दी गई है। वहीं स्वर्गीय मोहन की पुत्री स्नेहा अर्खेल तथा स्वर्गीय मायाबाई के पुत्र अजय कुमार डुमार को सफाई संरक्षक के पद पर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत कर्मचारी के परिवार को आर्थिक संकट से उबारना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देना है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही।
नियमित समीक्षा से लंबित मामलों में तेजी
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा लंबित अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक सोमवार आयोजित समय-सीमा बैठक में इन प्रकरणों की स्थिति, आवश्यक कार्रवाई और लंबित बिंदुओं की समीक्षा की जाती है। इसके चलते लंबे समय से लंबित मामलों के निराकरण में तेजी आई है।
तीन आश्रितों को मिली नियुक्ति से उनके परिवारों को रोजगार के साथ आर्थिक सुरक्षा और भविष्य को लेकर नया भरोसा मिला है।




