कटनी में 72वें दधिकांदो महोत्सव की रही धूम, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

कटनी में 72वें दधिकांदो महोत्सव की रही धूम, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भक्ति-उत्सव के प्रतीक 72वें दधिकांदो महोत्सव का आयोजन रविवार को कटनी शहर में धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। महोत्सव के दौरान शहर का माहौल कृष्ण भक्ति से सराबोर नजर आया। जगह-जगह आकर्षक झांकियां सजाई गईं और पारंपरिक रूप से मटकियां फोड़कर दधिकांदो उत्सव की खुशियां मनाई गईं।
शोभायात्रा में विभिन्न स्थानों से सजी-धजी झांकियां शामिल हुईं।
भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और मटकी फोड़ कार्यक्रमों में उत्साह के साथ सहभागिता की।
इन प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा
72वें दधिकांदो महोत्सव की शोभायात्रा लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रारंभ होकर खेरमाई, घंटाघर, गर्ग चौराहा, वेंकटेश मंदिर, गोल बाजार, सुभाष चौक, कपड़ा बाजार और जवाहर चौक होते हुए पुनः लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंची, जहां धार्मिक उत्साह के बीच शोभायात्रा का समापन हुआ।
पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। युवाओं, महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रमों ने महोत्सव में और रंग भर दिया।
दधिकांदो महोत्सव कटनी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। 72वें आयोजन में भी शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के बीच उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था संभाली गई और भीड़ पर निगरानी रखी गई। वहीं नगर निगम द्वारा सफाई, प्रकाश, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। पुलिस एवं नगर निगम की व्यवस्थाओं के बीच महोत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।




