जनसुनवाई में 207 आवेदकों की फरियाद सुनकर कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
Katni

जनसुनवाई में 207 आवेदकों की फरियाद सुनकर कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिलेभर से पहुंचे 207 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान समग्र आईडी, भूमि विवाद, राशन, विद्युत बिल, किसान सम्मान निधि, हाट बाजार में दुकान के लिए स्थान आवंटन और भूमि पर कब्जे सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
ग्राम सिनगौड़ी निवासी शिव कुमार सेन ने किसान सम्मान निधि का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं मुड़वारा निवासी नश्बद भुमिया ने विद्युत बिल में अधिक राशि आने की शिकायत करते हुए मीटर की जांच और बिल में सुधार की मांग की।
इसी तरह ग्राम हर्रैया निवासी आलोक कुमार सोनी ने हाट बाजार में दुकान लगाने के लिए स्थान आवंटित करने का आवेदन दिया। ग्राम छपरा निवासी रामजी कलार ने पंजीकृत विक्रय पत्र के बाद भूमि पर किसी अन्य व्यक्ति के कब्जे की शिकायत करते हुए मामले की जांच और राशि वापस दिलाने की मांग की।
ग्राम बड़खेरा निवासी अरविन्द कुमार लोधी ने पुत्री की समग्र आईडी को पिता की समग्र आईडी से डी-लिंक कराने, जबकि संतोष कौल ने पात्रता पर्ची जारी करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।
जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर आवेदकों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




