विजयराघवगढ़ में अवैध कच्ची शराब के ठिकानों पर पुलिस की दबिश
जमीन में गाड़कर रखा करीब 25 हजार रुपये का महुआ लहान किया नष्ट

जमीन में गाड़कर रखा करीब 25 हजार रुपये का महुआ लहान किया नष्ट,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी। विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम बरहटा, खुटहा टोला और खिरवा में दबिश दी। पुलिस टीम ने पारधी डेरों में सर्चिंग के दौरान जमीन के नीचे प्लास्टिक के डिब्बों में गाड़कर रखा गया बड़ी मात्रा में महुआ लहान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान करीब 25 हजार रुपये कीमत का महुआ लहान मौके पर ही नष्ट किया गया। पुलिस की दबिश के दौरान डेरों में मौजूद कुछ लोग मौके से भाग गए। इसके बाद पुलिस टीम ने पूरे क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे और पुलिस टीम द्वारा की गई।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामकुमार झारिया, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक जयराम साकेत सहित पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।




