गणेश उत्सव से पहले निगम की अतिक्रमण कार्रवाई तेज, फुटकर विक्रेताओं को हॉकर्स जोन भेजा
मुख्य बाजारों और मार्गों पर चला अभियान, व्यवसायियों को निर्धारित सीमा में दुकानें लगाने की हिदायत

मुख्य बाजारों और मार्गों पर चला अभियान, व्यवसायियों को निर्धारित सीमा में दुकानें लगाने की हिदायत,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। गणेश उत्सव के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार सुबह निगम की अतिक्रमण टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर अभियान चलाकर सार्वजनिक मार्गों पर व्यवसाय कर रहे फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित हॉकर्स जोन में भेजा।
प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी मानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आजाद चौक, शेर चौक, झंडा बाजार, गांधी द्वार, सुभाष चौक, स्टेशन रोड, महारानी लक्ष्मीबाई तिराहा, स्टेट बैंक तिराहा, जिला चिकित्सालय मार्ग और कोतवाली तिराहा सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर दुकानें लगाकर यातायात प्रभावित करने वाले विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर व्यवसाय करने की समझाइश दी गई। वहीं, अन्य व्यवसायियों को भी दुकानों की सामग्री निर्धारित सीमा के भीतर रखने और आवागमन बाधित नहीं करने की हिदायत दी गई।
निगम अमले ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गणेश उत्सव के दौरान बाजार क्षेत्रों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।




