कटनी में ट्रांसपोर्ट नगर जल्द शुरू करने की मांग, सभी ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को शिफ्ट करने की पैरवी
वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर उठाया मुद्दा, शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर

वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर उठाया मुद्दा, शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद एवं अधिवक्ता मिथलेश जैन ने ट्रांसपोर्ट नगर को तत्काल शुरू कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शहर में संचालित ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित कराने की मांग की है।
पार्षद मिथलेश जैन ने पत्र में उल्लेख किया है कि कटनी में ट्रांसपोर्ट नगर की योजना लगभग 40 वर्ष पहले तैयार की गई थी। इसके तहत ट्रांसपोर्ट नगर में विकास कार्य कराए गए और कई ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को भूखंड भी आवंटित किए जा चुके हैं। वहीं, अन्य भूखंडों की नीलामी के लिए भी कई बार प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है। इसके बावजूद ट्रांसपोर्ट नगर में कारोबार को पूरी तरह संचालित कराने की दिशा में प्रभावी पहल की आवश्यकता है।
उन्होंने मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर में शेष ट्रांसपोर्ट कारोबारियों, विशेषकर परचून ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी नियमानुसार भूखंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि सभी कारोबारियों को एक ही स्थान पर अपना व्यवसाय संचालित करने की सुविधा मिल सके।
शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा असर
मिथलेश जैन ने पत्र में कहा है कि शहर के भीतर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय संचालित होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे माल लोडिंग-अनलोडिंग जैसी गतिविधियों के कारण जाम की स्थिति बनती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही, दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
उन्होंने निगमायुक्त से मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर को तत्काल प्रभाव से व्यवस्थित रूप से शुरू कराया जाए और शहर में संचालित ट्रांसपोर्ट से संबंधित सभी गतिविधियों को वहां स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। इससे शहर के यातायात को व्यवस्थित करने, नागरिकों को राहत देने और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को बेहतर व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।
विकास साहू कटनी न्यूज 24




