कटनी के मार्बल को मिलेगी नई पहचान, जीआई टैग के लिए एसोसिएशन गठन की पहल
उद्यमी संवाद में कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए निर्देश, ब्रांडिंग और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर जोर

उद्यमी संवाद में कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए निर्देश, ब्रांडिंग और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर जोर,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत ग्राम पंचायत गुदरी में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में कटनी के मार्बल को व्यापक पहचान दिलाने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के मार्बल की ब्रांडिंग और जीआई टैगिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कटनी के मार्बल की विशेषताओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए उद्यमियों और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ प्रयास करने होंगे। उन्होंने जिले के मार्बल उद्यमियों को एक मंच पर लाने के लिए मार्बल एसोसिएशन के गठन और पंजीयन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसोसिएशन के माध्यम से जीआई टैग के लिए आवेदन करने को कहा गया। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस प्रक्रिया में जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उद्यमियों ने रखीं उद्योग से जुड़ी समस्याएं
उद्यमी संवाद के दौरान मार्बल उद्योग से जुड़े संचालकों ने विभिन्न समस्याएं और सुझाव कलेक्टर के समक्ष रखे। उद्यमियों ने माइनिंग डेडरेंट की दर कम करने, मार्बल माइंस के वेस्ट मटेरियल के लिए ईटीपी की सुविधा, जिले में बनने वाले नए भवनों में कटनी मार्बल के उपयोग को बढ़ावा देने और कटनी स्टोन की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा पावर फीडर के कारण विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्याओं और ई-खनिज पोर्टल के अपडेशन का मुद्दा भी उठाया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर सहित उद्योग विभाग के अधिकारी और मार्बल उद्योग से जुड़े उद्यमी मौजूद रहे।




