स्वास्थ्य सेमिनार में छात्राओं और अभिभावकों से सीधा संवाद, विशेषज्ञ ने बताए बेहतर सेहत के उपाय
पोषण और जनस्वास्थ्य पर डॉ. देवजी पाटिल ने दी उपयोगी जानकारी, निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी हुए शामिल

पोषण और जनस्वास्थ्य पर डॉ. देवजी पाटिल ने दी उपयोगी जानकारी, निगम के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी हुए शामिल,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को स्वास्थ्य और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को विशेष स्वास्थ्य सेमिनार आयोजित किया गया। बैंगलोर से आए मेडिकल डॉक्टर एवं पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ. देवजी पाटिल ने सेमिनार के दोनों सत्रों में प्रतिभागियों से सीधे संवाद कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं को जाना तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर-इन-काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, उपायुक्त प्रियंका झारिया सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
छात्राओं और अभिभावकों से हुआ सीधा संवाद
सेमिनार का पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नगर निगम कार्यालय के एमआईसी हॉल में आयोजित हुआ। इसमें केसीएस स्कूल की छात्राओं, अभिभावकों, प्राचार्य एवं स्टाफ ने सहभागिता की। डॉ. देवजी पाटिल ने छात्राओं और अभिभावकों से संवाद करते हुए उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और दैनिक जीवन से जुड़ी चुनौतियों की जानकारी ली।
प्रतिभागियों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं विशेषज्ञ के समक्ष साझा कीं और बताया कि इनका उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और दैनिक गतिविधियों पर किस तरह प्रभाव पड़ता है। विशेषज्ञ ने समस्याओं को समझते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय पर सावधानी बरतने और आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श लेने की जानकारी दी।
दूसरे सत्र में विद्यार्थी और निगमकर्मी हुए शामिल
सेमिनार का दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्वामी विवेकानंद सभागार, बस स्टैंड ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इसमें नगर निगम के जनप्रतिनिधियों के साथ स्कूलों के विद्यार्थी, प्राचार्य, शिक्षक और निगम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
इस दौरान डॉ. पाटिल ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं को जाना। उन्होंने स्वास्थ्य एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उपयोगी जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
पोषण को बताया स्वस्थ जीवन का आधार
डॉ. देवजी पाटिल ने अपने मार्गदर्शन में पोषण के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए दैनिक आहार में आवश्यक पोषक तत्वों का संतुलित मात्रा में शामिल होना जरूरी है। उन्होंने संतुलित आहार, आवश्यक न्यूट्रिएंट्स और उनकी शरीर में भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने प्रतिभागियों से अपनी दिनचर्या और खान-पान पर विशेष ध्यान देने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। सेमिनार के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी सवालों के जवाब भी विशेषज्ञ द्वारा दिए गए।
नगर निगम के इस स्वास्थ्य सेमिनार के माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को पोषण, स्वास्थ्य एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिली। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ से सीधे संवाद कर अपनी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।




