बारिश में भी नहीं थमे कदम, तिरंगे के साथ गूंजा कटनी हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा
कटनी

उमड़ा जनसैलाब, सांसद वीडी शर्मा ने दिखाई हरी झंडी
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 14 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को कटनी में देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। झमाझम बारिश के बीच भी हजारों लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। बारिश के बीच निकली इस यात्रा ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम से हुआ।
खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस दौरान विधायक मुड़वारा संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, विधायक बड़वारा धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
यात्रा में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, प्रदेश भाजपा महामंत्री राहुल कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम बहोरीबंद प्रदीप कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और शहरवासी शामिल हुए।
फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से शुरू हुई तिरंगा यात्रा स्टेट बैंक तिराहा, गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेरमाई मंदिर, घंटाघर, सराफा कपड़ा बाजार, सुभाष चौक और मोहन टॉकीज होते हुए वापस फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंची। यात्रा के दौरान मार्गभर लोगों ने तिरंगा लहराकर देशभक्ति का संदेश दिया।
बारिश के बावजूद यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से शहर के प्रमुख मार्ग गूंज उठे। बैंड-बाजों की धुन और हाथों में लहराते तिरंगों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
यात्रा के समापन अवसर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। तिरंगा यात्रा ने न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत किया, बल्कि नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश भी दिया।




