महापौर ने वार्डों में पहुंचकर जानी नागरिकों की समस्याएं
बाधित मार्गों को तत्काल सुगम बनाने के निर्देश, सड़क और नाला कव्हरिंग के प्रस्ताव तैयार करने को कहा

बाधित मार्गों को तत्काल सुगम बनाने के निर्देश, सड़क और नाला कव्हरिंग के प्रस्ताव तैयार करने को कहा
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 11 सितंबर। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने मदन मोहन चौबे वार्ड, सी.एल.पी. पाठक वार्ड और श्री राम जानकी हनुमान वार्ड के पवनपुरी क्षेत्र सहित एस.बी.एन. हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंच मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिकों ने निर्माण कार्य के कारण मार्ग संकरा होने और आवागमन प्रभावित होने की शिकायत की। महापौर ने संबंधित उपयंत्री को स्थल का निरीक्षण कर नागरिकों के आवागमन के लिए तत्काल आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाजन टाल से संबंधित स्थल तक सड़क निर्माण की मांग पर महापौर ने बताया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार है और जल्द कार्य कराया जाएगा। वहीं सी.एल.पी. पाठक और मदन मोहन चौबे वार्ड के बीच खुला नाला होने की शिकायत पर उन्होंने नाला कव्हरिंग का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
पवनपुरी और एस.बी.एन. स्कूल पहुंच मार्ग के निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन कार्य के बाद प्रभावित हुए रास्ते को लेकर भी नागरिकों ने परेशानी बताई। महापौर ने अधिकारियों को स्कूली बच्चों और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
महापौर ने क्षेत्र की सफाई और पेयजल व्यवस्था की भी जानकारी ली तथा अधिकारियों को नियमित सफाई और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों के दौरान आवागमन बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इस दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, उपयंत्री हिमांशु गौतम सहित संबंधित अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




