Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

कटनी के ट्रांसपोर्ट कारोबार को मिलेगी नई दिशा, पुरैनी ट्रांसपोर्ट नगर में 36 भूखंडों की तीसरी निविदा जारी

पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबे के लिए भी भूखंड उपलब्ध, 26 और 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन

पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबे के लिए भी भूखंड उपलब्ध, 26 और 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। शहर में भारी वाहनों के बढ़ते दबाव और बिखरी ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को व्यवस्थित करने की दिशा में नगर निगम ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना को आगे बढ़ाया है। पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में शेष 36 भूखंडों के आवंटन के लिए निगम प्रशासन ने तीसरी निविदा जारी की है। निगम ने पात्र ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों से निविदा प्रक्रिया में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की है।
ट्रांसपोर्ट नगर के विकसित होने से शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही और पार्किंग का दबाव कम होने की उम्मीद है। वर्तमान में अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित ट्रांसपोर्ट कार्यालय, गोदाम और वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। इन गतिविधियों को एक निर्धारित परिसर में स्थानांतरित करने से शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
छोटे-बड़े कारोबार के लिए अलग-अलग भूखंड
निगम की निविदा में व्यवसाय की जरूरत के अनुसार अलग-अलग आकार के भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। 6×15 मीटर के भूखंडों के साथ 15×30 मीटर आकार के बड़े भूखंड भी शामिल हैं। इनका उपयोग ट्रांसपोर्ट कार्यालय, गोदाम और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।
15×30 मीटर के भूखंडों के लिए निविदा की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026, जबकि 6×15 मीटर सहित अन्य निर्धारित उपयोग वाले भूखंडों के लिए 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन निविदा प्रस्तुत की जा सकेगी
पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबे के लिए भी जगह
ट्रांसपोर्ट नगर में वाहन चालकों और व्यवसायियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबा संचालन के लिए तीन विशेष भूखंड भी निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा परिसर में सड़क और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
एमपी टेंडर्स पोर्टल से होगी प्रक्रिया
इच्छुक पात्र व्यवसायी निर्धारित प्रक्रिया के तहत एमपी टेंडर्स पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निविदा में भाग ले सकते हैं। भूखंडों की जानकारी अथवा मौके पर निरीक्षण के लिए नगर निगम के उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी से मोबाइल नंबर 9981379995 पर संपर्क किया जा सकता है।
नगर निगम का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर के जरिए न केवल ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को व्यवस्थित स्थान मिलेगा, बल्कि शहर के प्रमुख मार्गों से भारी वाहनों का दबाव भी कम होगा। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होने के साथ शहर में जाम और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों से निविदा प्रक्रिया में सहभागिता कर योजना को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!