कटनी में ट्रांसमिशन लाइन की क्षमता बढ़ाने का काम जल्द पूरा करें: एमडी सुनील तिवारी
एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक ने 400 केवी सबस्टेशन का किया निरीक्षण, रबी सीजन से पहले मेंटेनेंस पूरा करने के निर्देश

एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक ने 400 केवी सबस्टेशन का किया निरीक्षण, रबी सीजन से पहले मेंटेनेंस पूरा करने के निर्देश,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने शुक्रवार को कटनी स्थित 400 केवी सबस्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सबस्टेशन में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं तकनीकी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक ने 400 केवी सबस्टेशन कटनी से प्रदेश के तीसरे सबसे पुराने 132 केवी सबस्टेशन शांति नगर कटनी तक जाने वाली ट्रांसमिशन लाइन की क्षमता वृद्धि के कार्य की जानकारी ली। यह लाइन कटनी शहर के साथ-साथ 132 केवी सबस्टेशन स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा एवं मनसकरा के लिए भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों को क्षमता वृद्धि का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुराने कम क्षमता वाले कंडक्टर को आधुनिक तकनीक के हाई टेम्परेचर लो सैग (HTLS) कंडक्टर से बदला जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद 132 केवी सबस्टेशन कटनी में पहले की तुलना में करीब तीन गुना अधिक विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कार्य की उपयोगिता को देखते हुए इसे प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।
प्रबंध संचालक ने 400 केवी सबस्टेशन में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की और उनकी प्रगति की जानकारी ली। 132 केवी सबस्टेशन स्लीमनाबाद एवं ढीमरखेड़ा के लिए बनाए जा रहे दूसरे सर्किट के निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
रबी सीजन से पहले पूरा हो पोस्ट मानसून मेंटेनेंस
सुनील तिवारी ने मुख्य अभियंता टेस्टिंग एम.ए. मंसूरी को निर्देश दिए कि आगामी रबी सीजन शुरू होने से पहले सबस्टेशन के सभी पोस्ट मानसून मेंटेनेंस कार्य अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि बिरसिंहपुर जनरेटिंग स्टेशन से मिलने वाली 700 मेगावाट तथा सतना से प्राप्त होने वाली 50 मेगावाट बिजली का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए ट्रांसमिशन सिस्टम को पूरी तरह तैयार रखा जाना जरूरी है।
उन्होंने 400 केवी सबस्टेशन में महत्वपूर्ण उपकरणों की शिफ्टिंग के कार्य में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपकरणों की शिफ्टिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए।
निरीक्षण के दौरान रेलवे के लिए अतिरिक्त ट्रैक्शन फीडर तैयार करने की संभावनाओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। इसके अलावा प्रबंध संचालक ने सबस्टेशन में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली एवं समस्याओं की जानकारी ली।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता टेस्टिंग एम.ए. मंसूरी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता टेस्टिंग आर.सी. शर्मा, कार्यपालन अभियंता ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस एस.के. मुड़ा, कार्यपालन अभियंता आर.आर. पटेल, सहायक अभियंता एस.के. चतुर्वेदी, मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




