जन्माष्टमी से पहले मंदिरों में व्यवस्थाओं का महापौर ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

जन्माष्टमी से पहले मंदिरों में व्यवस्थाओं का महापौर ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 03 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान शहर के प्रमुख मंदिरों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गुरुवार को विभिन्न मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, सड़क और यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
महापौर ने सत्यनारायण मंदिर, श्री गोविंद देव मंदिर और श्री महालक्ष्मी मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से जन्माष्टमी को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली और मौके पर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।
मंदिरों के आसपास विशेष सफाई के निर्देश
महापौर ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में सामान्य दिनों की तुलना में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में मंदिर परिसरों के साथ-साथ आसपास के मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नियमित सफाई और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सफाई अमला तैनात करने के निर्देश दिए।
सड़क के गड्ढे जल्द भरने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान महापौर ने मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति भी देखी। सड़क पर मिले गड्ढों और खराब हिस्सों की आवश्यक मरम्मत पर्व से पहले कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्ग सुरक्षित और सुगम होना जरूरी है।
प्रकाश और पेयजल व्यवस्था पर भी फोकस
महापौर ने मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अतिक्रमण हटाने और यातायात सुचारु रखने के निर्देश
जन्माष्टमी के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए महापौर ने अतिक्रमण दस्ते को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। मंदिरों के आसपास और प्रमुख आवागमन मार्गों पर अस्थाई अतिक्रमण चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा रास्तों को सुगम बनाए रखने को कहा गया। साथ ही भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पर्व से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने पर जोर
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि जन्माष्टमी शहरवासियों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। नगर निगम का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को मंदिरों तक पहुंचने और दर्शन-पूजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण में सामने आई समस्याओं का तत्काल निराकरण करते हुए पर्व से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं और जन्माष्टमी के दौरान भी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य बीना बैनर्जी, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, पूर्व पार्षद विजय डब्बू रजक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, मोना करेरा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




