शनि मंदिर के पास जर्जर सड़क बनी मुसीबत, स्कूल गेट पर जलभराव से बच्चों की बढ़ी परेशानी

शनि मंदिर के पास जर्जर सड़क बनी मुसीबत, स्कूल गेट पर जलभराव से बच्चों की बढ़ी परेशानी,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। माधवनगर के संत कंवर राम वार्ड क्रमांक 42 में शनि मंदिर के पास सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सबसे गंभीर स्थिति माधव साह स्कूल के मुख्य द्वार के सामने बनी हुई है, जहां सड़क पर गहरा गड्ढा पानी और कीचड़ से लबालब भरा हुआ है। इसके चलते स्कूली बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क पर बने गड्ढे में पानी और कीचड़ जमा होने से आए दिन बच्चे फिसलकर गिर रहे हैं। इससे उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो रही है और उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। भारी वाहनों के साथ चारपहिया, दोपहिया वाहन और पैदल राहगीर भी इसी रास्ते से गुजरते हैं। ऐसे में जर्जर सड़क और जलभराव के कारण कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और नगर निगम प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। स्कूल के मुख्य द्वार के सामने ही गड्ढे और कीचड़ की स्थिति होने से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन, संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क के गड्ढे को तत्काल दुरुस्त कराया जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को राहत मिल सके।




