जलकर बकायादारों पर नगर निगम की सख्ती, 6 नल कनेक्शन काटे
50 प्रतिशत राशि जमा कर शेष बकाया पर छूट का मौका, भुगतान नहीं करने वालों पर कार्रवाई जारी

50 प्रतिशत राशि जमा कर शेष बकाया पर छूट का मौका, भुगतान नहीं करने वालों पर कार्रवाई जारी,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। वर्षों से जलकर की बकाया राशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नगर निगम ने अब सख्ती शुरू कर दी है। निगम द्वारा लागू विशेष जलकर राहत योजना के तहत बकायादार उपभोक्ताओं को कुल बकाया राशि का 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा करने पर शेष 50 प्रतिशत राशि में छूट का अवसर दिया जा रहा है। इसके बावजूद सूचना और अवसर दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम की जलप्रदाय शाखा एवं वसूली दल ने विभिन्न वार्डों में कार्रवाई करते हुए 6 बकायादार उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन विच्छेदित किए। जलकर शाखा प्रभारी एवं सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को बकाया जलकर की जानकारी देने के साथ ही राहत योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए राशि जमा करने की सूचना दी गई थी। निर्धारित समय में भुगतान नहीं किए जाने पर नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।
करीब 3.36 लाख रुपये की बकाया राशि
कार्रवाई के दौरान छह उपभोक्ताओं पर कुल करीब 3.36 लाख रुपये का जलकर बकाया पाया गया। इनमें आईडी क्रमांक 1003426420 पर 13,722 रुपये, 1002306181 पर 48,815 रुपये, 1002311328 पर 55,079 रुपये, 1002304111 पर 75,318 रुपये, 1002318893 पर 57,863 रुपये तथा 1002310116 पर 86,367 रुपये की राशि बकाया थी।
निगम के अनुसार, संबंधित उपभोक्ताओं को राहत योजना के तहत मिलने वाली छूट की जानकारी देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद नियमानुसार नल कनेक्शन विच्छेदित किए गए।
राहत योजना का लाभ उठाने की अपील
नगर निगम प्रशासन ने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे कार्रवाई का इंतजार न करें और विशेष जलकर राहत योजना का लाभ उठाएं। योजना के तहत बकाया राशि का 50 प्रतिशत जमा कर शेष 50 प्रतिशत राशि पर मिलने वाली छूट का लाभ लिया जा सकता है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकायादारों को राहत देने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके बावजूद निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नल कनेक्शन विच्छेदन सहित नियमानुसार अन्य कार्रवाई भी जारी रहेगी।




