Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

बरगवां में अतिक्रमण हटाने पहुंचा निगम का अमला, दुकानदारों ने नोटिस पर उठाए सवाल

बरगवां में अतिक्रमण हटाने पहुंचा निगम का अमला, दुकानदारों ने नोटिस पर उठाए सवाल,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। नगर पालिका निगम की अतिक्रमण टीम सोमवार को बरगवां स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के समीप अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची। निगम के कार्यपालन यंत्री सहित अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में करीब चार दुकानों को हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित रही। कार्रवाई को लेकर मौके पर दिनभर गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।
दुकानदारों ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें दुकानें हटाने के संबंध में पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया। दुकानदारों के मुताबिक, वे पिछले करीब 20 वर्षों से यहां दुकानें संचालित कर रहे हैं और अचानक निगम का अमला दुकानें खाली कराने पहुंच गया।
मौके पर दुकानदारों ने निगम अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखते हुए दावा किया कि संबंधित भूमि आबादी क्षेत्र में आती है। उन्होंने अधिकारियों से दुकानें खाली करने के लिए कुछ समय देने की मांग की, ताकि सामान को व्यवस्थित तरीके से हटाया जा सके।
इधर, अतिक्रमण कार्रवाई के लिए निगम का करीब 10 से 12 कर्मचारियों का अमला मौके पर मौजूद रहा। दुकानदारों और निगम अधिकारियों के बीच कार्रवाई को लेकर बातचीत का दौर चलता रहा। हालांकि, मौके पर किसी अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है।
फिलहाल दुकानदारों की ओर से नोटिस नहीं दिए जाने के आरोप और जमीन के स्वरूप को लेकर उठाए गए सवालों के बीच निगम की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि नगर निगम इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और दुकानदारों की आपत्तियों पर क्या निर्णय लिया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!