जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याओं पर पुलिस ने दिखाई गंभीरता
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सुनीं शिकायतें, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश

✍️राजेश कुमार तिवारी
कटनी, 18 अगस्त। आमजन की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जनसुनवाई में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, कुछ प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण नियमानुसार और समय-सीमा में किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
जनसुनवाई में पारिवारिक एवं पड़ोसी विवाद, पैसों के लेन-देन, दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ऋण लेने से जुड़ी धोखाधड़ी, मकान-दुकान पर अवैध कब्जे, प्लॉट एवं भूमि विवाद, वित्तीय धोखाधड़ी, महिला अपराध, ब्लैकमेलिंग तथा पुलिस स्तर पर सुनवाई नहीं होने से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
पुलिस अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता से सुना और शिकायत की प्रकृति के अनुसार संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि प्राप्त शिकायतों पर केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस प्रशासन की इस पहल से आमजन को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया को गति मिलने के साथ ही पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने का प्रयास भी किया जा रहा है।




