कजलिया मेले को लेकर नगर निगम ने कसी कमर, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
मेले में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और सड़क मरम्मत की रहेगी विशेष व्यवस्था

मेले में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और सड़क मरम्मत की रहेगी विशेष व्यवस्था,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। कजलिया मेले के आयोजन को लेकर नगर पालिक निगम कटनी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे हैं। व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
बारडोली उत्सव समिति, कटनी के पत्र के अनुक्रम में 29 एवं 30 अगस्त 2026 को श्री समीर राम मंदिर के समीप गाटरघाट, कटनी में कजलिया मेले का आयोजन प्रस्तावित है। मेले में बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी है।
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत मेला स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा कचरा एकत्रित कर समय पर उसका निष्पादन कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सड़क प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि रात्रि के समय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
मेले में आने वाले लोगों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने पानी के टैंकर की व्यवस्था की जाएगी। वहीं मेला स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों पर मौजूद गड्ढों की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिससे आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य मेले के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




