Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

वर्षों पुरानी मांग पूरी, चंद्रशेखर आजाद वार्ड में 32.78 लाख के नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

जल निकासी व्यवस्था होगी बेहतर, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत; महापौर ने कहा—नागरिकों की मूलभूत जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता

जल निकासी व्यवस्था होगी बेहतर, जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत; महापौर ने कहा—नागरिकों की मूलभूत जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 
कटनी। चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 06 के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही नाली निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है। नगर निगम द्वारा वार्ड में करीब 32 लाख 78 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित नाली निर्माण कार्यों का बुधवार को भूमिपूजन किया गया। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती नीतू कपिल रजक सहित जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
भूमिपूजन के बाद वार्ड में नाली निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। निर्माण के तहत शिवकुमार सोनी एवं द्रोपती यादव के घर से पप्पू पाण्डेय के घर तक सड़क के दोनों ओर नाली बनाई जाएगी। इसके अलावा पुरवार के घर से एस.एस. साउंड होते हुए पप्पू यादव के घर तक नाली निर्माण कराया जाएगा।
जल निकासी की समस्या होगी दूर
क्षेत्र में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। बारिश के दौरान जलभराव के कारण नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। नाली निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
महापौर ने कहा—मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
महापौर ने कहा कि विकास कार्य केवल बड़े प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं हैं। सड़क, नाली, स्वच्छता और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नागरिकों के लिए उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। नगर निगम द्वारा वार्डों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए नागरिकों की वर्षों पुरानी मांगों का निराकरण किया जा रहा है। आने वाले समय में भी आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य जारी रहेंगे।
पार्षद ने जताया आभार
क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती नीतू कपिल रजक ने कहा कि वार्डवासियों द्वारा लंबे समय से नाली निर्माण की मांग की जा रही थी। कार्य शुरू होने से जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
वार्डवासियों में खुशी
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने और नाली निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के नागरिकों ने खुशी जाहिर की। नागरिकों ने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बारिश के दौरान होने वाले जलभराव से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य रमेश सोनी, बीना बैनर्जी, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना यादव, सुनीता चौधरी, पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!