हर घर तिरंगा अभियान में छात्राओं ने बनाई तिरंगा मानव श्रृंखला, दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश
कटनी

✍️ विकास कुमार कटनी न्यूज 24
कटनी, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में तिरंगा मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया।
महाविद्यालय परिसर में छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर मानव श्रृंखला बनाई। इस दौरान देशभक्ति गीतों का सामूहिक गायन भी हुआ, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के माहौल से सराबोर हो गया। छात्राओं ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने तिरंगे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज भारत की स्वतंत्रता, गौरव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व को बताते हुए कहा कि केसरिया साहस, त्याग और वीरता, सफेद शांति एवं सत्य तथा हरा रंग समृद्धि, हरियाली और विकास का प्रतीक है। अशोक चक्र देश की निरंतर प्रगति और गतिशीलता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि आज देशवासी जिस स्वतंत्र वातावरण में तिरंगा हाथों में लेकर गर्व महसूस करते हैं, उसके पीछे स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों का संघर्ष एवं बलिदान है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करने के साथ देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए।
कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती रश्मि सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। युवाओं को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
तिरंगा मानव श्रृंखला के माध्यम से छात्राओं ने देश की एकता, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना के साथ हुआ।




