जन-विश्वास अभियान में लापरवाही नहीं, अफसरों को फील्ड में उतरने के निर्देश
कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा की, गलत गिरदावरी पर पटवारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 10 अगस्त। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में नियमित फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। अधिकतम मामलों का समाधान शिविर से पहले ही करने और शेष प्रकरणों का निराकरण शिविर स्थल पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार और अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
14 अगस्त के शिविर से पहले लंबित शिकायतों के निराकरण पर जोर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत विकासखंड ढीमरखेड़ा के सिलौंडी क्लस्टर में 14 अगस्त को प्रस्तावित शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय रहते निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत कोई भी आवेदन निर्धारित समय-सीमा के बाद लंबित नहीं रहना चाहिए।
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा
बैठक में सामाजिक न्याय, खनिज, लोक निर्माण विभाग, राजस्व, पीएचई, स्वास्थ्य, वन, कृषि, गृह और ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरतने और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गलत गिरदावरी मिली तो पटवारी पर होगी कार्रवाई
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने धान फसल की गिरदावरी को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोई गई धान फसल के रकबे का भौतिक सत्यापन कर वास्तविक गिरदावरी दर्ज की जाए। गिरदावरी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित पटवारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि केवल वैध कृषि भूमि की ही गिरदावरी की जाए और अवैध कब्जे वाली भूमि को इसमें शामिल न किया जाए। उन्होंने फार्मर आईडी निर्माण में तेजी लाने के साथ नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख दुरुस्ती के लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
ई-केवाईसी और आधार अपडेट में तेजी के निर्देश
ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत रीठी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले आधार कैंपों में विद्यार्थियों के आधार अपडेट कराने के लिए शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
लाड़ली लक्ष्मी और मातृ वंदना योजना की भी समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पंजीयन की प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सप्ताह सीडीपीओ के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें और लंबित मामलों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी हुई चर्चा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन तथा मध्यम और गंभीर एनीमिया की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने और दस्तक अभियान में बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर घर तिरंगा अभियान में संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अभियान के गरिमापूर्ण आयोजन के लिए नगर निगम आयुक्त और जिला पंचायत सीईओ को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में शासकीय तिलक महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सभी एसडीएम, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




