ट्रांसपोर्ट नगर की एनओसी के बदले रिश्वत लेते नगर निगम का लिपिक गिरफ्तार, लोकायुक्त ने 20 हजार रुपये के साथ पकड़ा
25 हजार रुपये की मांगी थी रिश्वत, शिकायत के बाद लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की कार्रवाई

25 हजार रुपये की मांगी थी रिश्वत, शिकायत के बाद लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की कार्रवाई,
कटनी। नगर निगम में रिश्वतखोरी के खिलाफ लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लिपिक ने ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माण कार्य के लिए बैंक से ऋण लेने के दौरान अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
बैंक लोन की एनओसी के लिए मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू की थी। बैंक प्रबंधन ने ऋण स्वीकृत करने के लिए नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा था। एनओसी जारी कराने के सिलसिले में अशोक कनकने नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के संपर्क में आए थे।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले लिपिक ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर अशोक कनकने ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले का सत्यापन कराया गया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ने की योजना तैयार की।
20 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा
शुक्रवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने तय योजना के अनुसार कार्रवाई की। शिकायतकर्ता अशोक कनकने ने जैसे ही लिपिक आलोक गर्ग को 20 हजार रुपये दिए, मौके पर मौजूद टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।




