नगर निगम में लापरवाही पर निगमायुक्त की सख्ती, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी निलंबित
गौशाला की अव्यवस्थाओं, सफाई और आवारा पशुओं के नियंत्रण में लापरवाही पर कार्रवाई, निशांत कनोजिया को सौंपा गया प्रभार

गौशाला की अव्यवस्थाओं, सफाई और आवारा पशुओं के नियंत्रण में लापरवाही पर कार्रवाई, निशांत कनोजिया को सौंपा गया प्रभार,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। नगर निगम की व्यवस्थाओं में लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए निगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्वास्थ्य अधिकारी संजय कुमार सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अमीरगंज गौशाला की व्यवस्थाओं में खामियों, शहर की साफ-सफाई, आवारा पशुओं के नियंत्रण और विभागीय कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमीरगंज गौशाला में पशुओं के लिए चारा-पानी, उपचार और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इस संबंध में स्वास्थ्य अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनके जवाब को संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके अलावा, विभागीय कर्मचारियों के वेतन देयकों का समुचित परीक्षण किए बिना अनुशंसा करने, अधीनस्थ श्रमिकों के वेतन भुगतान में देरी तथा टीएल और विभागीय समीक्षा बैठकों में आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित नहीं होने जैसे मामलों को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया।
निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश में आवारा मवेशियों पर नियंत्रण, कांजी हाउस की व्यवस्था, वार्डों की सफाई, आवारा कुत्तों की रोकथाम, बंदरों को पकड़ने और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने का उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि संबंधित अधिकारी को पूर्व में कई बार कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान संजय कुमार सोनी को नगर निगम के जोन क्रमांक-4 स्थित माधवनगर उपकार्यालय में संबद्ध किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं, आगामी आदेश तक स्वास्थ्य अधिकारी का प्रभार स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनोजिया को सौंपा गया है।
नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर की सफाई व्यवस्था, गौशाला प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। निगमायुक्त की सख्ती से स्पष्ट है कि विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही और निर्देशों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




