14 अगस्त को कटनी में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेगा शहर
फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से सुबह 9 बजे होगी शुरुआत, शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा

फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से सुबह 9 बजे होगी शुरुआत, शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी यात्रा
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 14 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का शुभारंभ सुबह 9 बजे फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से होगा।
तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारियों के साथ एनसीसी, एनएसएस, छात्र-छात्राओं, सामाजिक एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में शहरवासियों के शामिल होने की उम्मीद है। हाथों में तिरंगा लेकर निकलने वाली यह यात्रा शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देगी।
यह रहेगा तिरंगा यात्रा का मार्ग
तिरंगा यात्रा फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रारंभ होकर गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेर माता मंदिर, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, सुभाष चौक एवं मोहन टॉकीज रोड होते हुए पुनः फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचेगी। यहीं यात्रा का समापन किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर शहर में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा के माध्यम से नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने और राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
निगमायुक्त ने की शहरवासियों से अपील
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगरवासियों से 14 अगस्त को आयोजित तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में सहभागिता राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की है।




