Welcome to कटनी न्यूज़ 24   Click to listen highlighted text! Welcome to कटनी न्यूज़ 24
टॉप न्यूज़

बारिश के बीच कलेक्टर की अपील: उफनती नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं

रील और सेल्फी के चक्कर में जान जोखिम में न डालें, बच्चों को तेज बहाव वाले स्थानों से रखें दूर

रील और सेल्फी के चक्कर में जान जोखिम में न डालें, बच्चों को तेज बहाव वाले स्थानों से रखें दूर,

राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। जिले में लगातार हो रही बारिश और मानसून के सक्रिय रहने को देखते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलस्रोतों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नागरिक अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें और किसी भी स्थिति में जान जोखिम में न डालें।
कलेक्टर ने कहा कि नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने अथवा उनके उफान पर होने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखना चाहिए। यदि किसी रपटे, पुल या पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो, तो उसे पैदल अथवा वाहन से पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। जलस्तर कम होने का इंतजार करें अथवा आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
उन्होंने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव की आशंका वाले निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
उफान के दौरान पुल-पुलिया पार करना पड़ सकता है भारी
कलेक्टर ने कहा कि बारिश के दौरान विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले पानी के कारण नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। कई बार सामान्य दिखाई देने वाले जलस्रोत भी अचानक उफान पर आ जाते हैं। इसलिए पानी का बहाव तेज होने पर किसी भी पुल, पुलिया या रपटे को पार करने का जोखिम न उठाएं। नागरिक स्वयं भी सावधानी बरतें और आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।
शिक्षकों को भी सतर्कता बरतने के निर्देश
कलेक्टर ने शिक्षकों से भी कहा है कि वे विद्यार्थियों को बारिश के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले जलस्रोतों से दूर रहने के लिए जागरूक करें। बच्चों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों पर जाने से रोकने और सुरक्षा संबंधी जानकारी देने पर जोर दिया गया है।
रील और सेल्फी के लिए खतरे में न डालें जिंदगी
मानसून के दौरान नदी-नाले, झरने और पुल-पुलिया के आसपास के प्राकृतिक स्थल लोगों को आकर्षित करते हैं। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम का आनंद जरूर लें, लेकिन रील बनाने, सेल्फी लेने या रोमांच के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।
उन्होंने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि बच्चों को तेज बहाव वाले नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों पर न जाने दें। लगातार बारिश के बीच पानी का बहाव कब और कहां अचानक तेज हो जाए, इसका अनुमान लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी ही किसी बड़े हादसे को रोक सकती है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की है कि सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और उफनती नदी-नालों, रपटों तथा पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!