निगम कार्यालय की व्यवस्थाओं का निगमायुक्त ने लिया जायजा, रिकॉर्ड और स्वच्छता पर दिया जोर

निगम कार्यालय की व्यवस्थाओं का निगमायुक्त ने लिया जायजा, रिकॉर्ड और स्वच्छता पर दिया जोर,
राजेश कुमार तिवारी
कटनी, 15 सितंबर। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने मंगलवार को निगम कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शाखावार अभिलेखों एवं रिकॉर्ड के संधारण की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली।
निगमायुक्त ने आवक-जावक पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड को व्यवस्थित, सुरक्षित और अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयीन अभिलेखों के संधारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर और विभिन्न कक्षों में साफ-सफाई की स्थिति भी देखी गई। निगमायुक्त ने अनावश्यक सामग्री और कूलरों को कक्षों से हटाकर कार्यालय को व्यवस्थित रखने तथा शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में पानी का ठहराव रोकने और मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम कार्यालय में आने वाले नागरिकों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलना जरूरी है। इसके लिए सभी शाखाओं में रिकॉर्ड संधारण, स्वच्छता और कार्यालयीन अनुशासन पर लगातार ध्यान दिया जाए।




