टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

महापौर, निगमाध्यक्ष और निगमायुक्त ने दी धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं, स्वच्छ और सुरक्षित कटनी बनाने की अपील

दीपोत्सव पर शहरवासियों से स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का किया आग्रह

दीपोत्सव पर शहरवासियों से स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का किया आग्रह,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। दीपावली के पावन पर्व को लेकर नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहरवासियों को धनतेरस और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगरवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए मां लक्ष्मी से प्रार्थना की कि रोशनी का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि लेकर आए।

अपने शुभकामना संदेश में महापौर, निगमाध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह स्वच्छता, सकारात्मकता, आपसी प्रेम और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने घरों के साथ-साथ आसपास के वातावरण और सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि दीपावली का उत्सव मनाते समय सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखें। आतिशबाजी खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही करें तथा ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखें। बच्चों को पटाखे चलाते समय अकेला न छोड़ें। साथ ही ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को कम करने के लिए पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को प्राथमिकता दें, ताकि त्योहार की खुशियां दूसरों के लिए परेशानी का कारण न बनें।

उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान नगर निगम द्वारा शहर में सफाई, कचरा संग्रहण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और सफाई मित्रों के योगदान का सम्मान करते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य अमले को सहयोग प्रदान करें।

अंत में उन्होंने समस्त नगरवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस दीपोत्सव पर केवल अपने घरों को ही नहीं, बल्कि पूरे शहर को स्वच्छता और जागरूकता के दीपों से रोशन करने का संकल्प लें, ताकि कटनी को स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित और सुंदर शहर बनाया जा सके।

उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा से प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा कटनी शहर विकास और उन्नति के नए आयाम स्थापित करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!