टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

दीपावली पर अग्नि सुरक्षा को लेकर अलर्ट नगर निगम, बाजारों में फायर ब्रिगेड के साथ की गई पेट्रोलिंग

संकरे बाजारों और व्यस्त मार्गों का किया निरीक्षण, आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर

दुकानों के सामने अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से बचने व्यापारियों से की अपील,

✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24 

कटनी। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर के प्रमुख बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन सतर्क हो गया है। बाजारों में बढ़ती भीड़, पटाखों की दुकानों और आगजनी की आशंका को देखते हुए निगम प्रशासन द्वारा आपातकालीन सेवाओं की तत्परता सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर शनिवार शाम नगर निगम के अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने फायर ब्रिगेड वाहन के साथ शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों में पेट्रोलिंग की। इस दौरान टीम ने संकरे रास्तों और भीड़भाड़ वाले बाजारों का निरीक्षण कर यह परखा कि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन बिना किसी बाधा के घटनास्थल तक पहुंच सकता है या नहीं।

पेट्रोलिंग सिविल लाइन फायर जोन से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, कमानिया गेट गली, कपड़ा बाजार, झंडा बाजार, सराफा मार्केट, शेर चौक, आजाद चौक और मिशन चौक तक की गई। निरीक्षण के दौरान दुकानों के सामने रखी सामग्री, सड़क पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाजार मार्गों पर किसी भी तरह की बाधा आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित कर सकती है।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार दीपावली पर्व के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और फायर ब्रिगेड की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बाजार क्षेत्रों में पेट्रोलिंग का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। पेट्रोलिंग के दौरान सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे सहित अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

निगम प्रशासन ने शहर के व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि वे दुकानों के सामने अतिक्रमण न करें, बाजार मार्गों पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित रखें तथा पटाखों एवं ज्वलनशील सामग्री के विक्रय में निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। साथ ही फायर ब्रिगेड के आवागमन के लिए रास्ते खुले रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में अग्निशमन दल समय पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!