पोर्टल संचालन में दक्षता बढ़ाने पंचायत सचिवों को मिला प्रशिक्षण
ओएसआर की समीक्षा में कम प्रगति वाली पंचायतों को दो दिन का अंतिम मौका, 22 से 25 सितंबर तक जनपद स्तर पर होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम

ओएसआर की समीक्षा में कम प्रगति वाली पंचायतों को दो दिन का अंतिम मौका, 22 से 25 सितंबर तक जनपद स्तर पर होंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। ग्राम पंचायतों के कामकाज में तकनीकी दक्षता बढ़ाने और पंचायतों की स्वयं की आय के स्रोतों को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कटनी में पोर्टल संबंधी दक्षता कार्यशाला आयोजित की गई। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर आयोजित कार्यशाला में पंचायत सचिवों को विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में एसआईआरडी (SIRD) के संकाय सदस्य एवं प्रशिक्षक पंकज राय ने पंचायत सचिवों को ओएसआर मैनेजमेंट, दृष्टि पोर्टल, एसेट मैपिंग, कंस्ट्रक्शन वर्क मैनेजमेंट, पेमेंट सहित अन्य पोर्टल से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक तकनीकी पहलुओं को समझाया गया।
ओएसआर की समीक्षा, कम प्रगति वाली पंचायतों को अंतिम अवसर
कार्यशाला में ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय (Own Source Revenue-OSR) बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा भी की गई। कम प्रगति वाली पंचायतों को निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति और राजस्व संग्रहण में सुधार के लिए दो दिवस का अंतिम अवसर दिया गया। अधिकारियों ने पंचायत सचिवों को आय के स्थानीय स्रोतों को चिन्हित करने तथा राजस्व संग्रहण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
22 से 25 सितंबर तक सभी जनपदों में होंगे प्रशिक्षण
कार्यशाला में जिले के अन्य जनपदों से आए दक्ष सचिवों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। अब ये प्रशिक्षित सचिव 22 से 25 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न जनपद पंचायतों में दक्षता कार्यक्रम आयोजित कर अन्य पंचायत सचिवों को पोर्टल संबंधी कार्यों का प्रशिक्षण देंगे।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में ऑनलाइन प्रक्रियाओं को सुचारु बनाने, पोर्टल पर कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने और पंचायत स्तर पर डिजिटल कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर रहेगा।
कार्यक्रम की निगरानी और संचालन में सभी बीसी (ब्लॉक कोऑर्डिनेटर) एवं आरजीएसए की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन में सहयोग के साथ ही संबंधित गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
जिला पंचायत के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य पंचायत सचिवों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ ग्राम पंचायतों की स्वयं की आय को मजबूत करना और पंचायतों को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है। कार्यशाला के दौरान आरजीएसए के जिला समन्वयक पंकज कुमार नामदेव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




