हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल बरामद

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल बरामद,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। एनएच-30 हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने के मामले का माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी चौकी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 225 लीटर चोरी का डीजल, डीजल निकालने के उपकरण और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक और माधवनगर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन तोड़कर चोरी
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त 2026 को फरियादी चालक सुरेश कुमार खरोल ने थाना माधवनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 25-26 अगस्त की दरमियानी रात वह अपना ट्रेलर क्रमांक RJ 32 GD 5722 पिपरौंध स्थित जायसवाल ढाबे के सामने खड़ा कर सो गया था। सुबह करीब 5 बजे उठने पर ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन टूटा मिला और टंकी से डीजल चोरी पाया गया।
फरियादी ने पुलिस को यह भी बताया कि रात के दौरान ट्रक के आसपास MP 21 नंबर की सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार संदिग्ध रूप से घूमती दिखाई दी थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 868/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच से पहुंची पुलिस आरोपी तक
घटना की गंभीरता को देखते हुए झिंझरी चौकी पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साथ ही साइबर सेल कटनी की मदद से तकनीकी जांच की गई। जांच के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 21 CA 6181 की जानकारी सामने आई।
पुलिस टीम ने कार को आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन, निवासी ग्राम पिपरौंध, थाना माधवनगर, जिला कटनी के लखापतेरी स्थित गोदाम में खड़ा पाया। गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस को 9 डिब्बों में करीब 225 लीटर डीजल, डीजल निकालने का पाइप व उपकरण, डीजल भरने और निकालने की दो बड़ी चुंगियां तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार मिली, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
पूछताछ में सामने आई अन्य वारदातों की जानकारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने डीजल चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। जांच में उसके पूर्व में भी डीजल चोरी की घटनाओं से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर जिले में हुई अन्य डीजल चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में झिंझरी चौकी प्रभारी उनि राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूषण सिंह, सउनि सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, आरक्षक सौरव कुमार, आरक्षक चन्द्रकमल पाण्डेय तथा साइबर सेल कटनी के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




