ग्रामीण नल-जल योजनाओं की मरम्मत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समय-सीमा में काम पूरा कराने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने वॉश तकनीकी समिति की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

जिला पंचायत सीईओ ने वॉश तकनीकी समिति की बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 1 सितंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं के सुचारु संचालन और आमजन को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला वॉश (Water, Sanitation & Hygiene) तकनीकी समिति की बैठक जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सचिव एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीण नल-जल योजनाओं की वृहद मरम्मत, रख-रखाव, जलस्रोतों तथा पाइपलाइन विस्तार से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक कार्य शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराए जाएं।
सुश्री कौर ने कहा कि वृहद मरम्मत कार्यों के लिए जनपद स्तर पर पात्र एजेंसियों का विधिसम्मत तरीके से चयन एवं सूचीबद्धकरण किया जाए। इसके बाद नियमानुसार निविदा प्रक्रिया पूरी कराते हुए कार्यों को प्राथमिकता के साथ शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने ग्रामीण नल-जल योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं के संचालन, रख-रखाव और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की कार्यपालन यंत्री एवं सदस्य सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, जल निगम के महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक, परियोजना अधिकारी, व्ही-बी-जी रामजी, लेखा अधिकारी एवं जिला वॉश प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




