गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई, 23 पर जुर्माना

गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई, 23 पर जुर्माना,
✍️राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार शाम निगम की स्वच्छता टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही स्पॉट फाइन लगाया।
जोन क्रमांक 7 एवं 8 में 17 तथा वार्ड क्रमांक 28 में 6 लोगों सहित कुल 23 व्यक्तियों पर कार्रवाई करते हुए 4 हजार 900 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। संबंधितों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने की समझाइश भी दी गई।
नगर निगम ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से जुर्माने की कार्रवाई जारी रहेगी।




