त्यौहारों से पहले कोतवाली पुलिस की सख्ती, देशी कट्टा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
गायत्री नगर पुलिया के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 6 आपराधिक मामले

गायत्री नगर पुलिया के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 6 आपराधिक मामले,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी। आगामी त्यौहारों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने संदिग्धों और आदतन अपराधियों के खिलाफ चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने गायत्री नगर पुलिया के पास एक युवक को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 16-17 सितंबर की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गायत्री नगर पुलिया के पास एक युवक देशी कट्टा लेकर घूम रहा है और राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम रेलवे पंप हाउस रोड पहुंची। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में युवक की पहचान अतुल निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी खिरहनी फाटक, कटनी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर से 315 बोर का देशी कट्टा और पेंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार रखने का वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में पहले से 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और डीएसपी अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में अहम भूमिका रही।




