गणेश पंडालों को प्लास्टिक मुक्त रखने की निगम की अपील पंडालों में प्रतिबंधित एवं अमानक प्लास्टिक का उपयोग न करने का आग्रह,
पर्यावरण अनुकूल सामग्री अपनाने पर जोर विशेष पूजा स्वच्छता वाहन से मंदिरों, पंडालों एवं घर-घर से एकत्रित की जा रही पूजन सामग्री

कटनी। गणेश उत्सव के दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा गणेश समितियों एवं पंडाल आयोजकों से पंडाल परिसरों को प्लास्टिक मुक्त रखने की अपील की जा रही है। निगम द्वारा प्रतिबंधित एवं अमानक प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने के लिए समितियों एवं नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है।निगम द्वारा गणेश पंडालों में प्रसाद एवं अन्य सामग्री के वितरण के लिए प्लास्टिक की प्लेट, गिलास, कटोरी एवं अन्य डिस्पोजेबल सामग्री के स्थान पर कागज एवं पत्तों से निर्मित पत्तल, दोना, गिलास एवं कटोरी जैसी पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करने का आग्रह किया गया है। इससे पंडाल परिसरों में निकलने वाले कचरे को कम करने के साथ स्वच्छता बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।
विशेष पूजा स्वच्छता वाहन से पूजन सामग्री का संग्रहण
गणेश उत्सव के दौरान निगम द्वारा विशेष पूजा स्वच्छता वाहन के माध्यम से मंदिरों, गणेश पंडालों एवं घर-घर जाकर पूजन सामग्री भी एकत्रित की जा रही है। फूल-माला, नारियल एवं अन्य पूजन सामग्री को अलग से संग्रहित कर उसका उचित निपटान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य पूजन सामग्री को नदी, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों में जाने से रोकना तथा शहर में स्वच्छता बनाए रखना है।
पंडालों में कचरा पृथक्करण की व्यवस्था रखने का आग्रह
निगम द्वारा गणेश समितियों से पंडालों में गीले एवं सूखे कचरे के लिए पृथक-पृथक डस्टबिन रखने तथा श्रद्धालुओं को भी कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया है। पंडाल एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने तथा एकत्रित कचरे को निगम के निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन को देने की अपील की गई है।
स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव में सहयोग की अपील
नगर निगम ने गणेश समितियों एवं नागरिकों से अपील की है कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिबंधित एवं अमानक प्लास्टिक का उपयोग न करें और इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल सामग्री का उपयोग करें। साथ ही पूजन सामग्री को जलस्रोतों में न डालकर निगम द्वारा की जा रही विशेष संग्रहण व्यवस्था में दें। स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरण अनुकूल गणेश उत्सव के लिए निगम प्रशासन का सहयोग करें।
राजेश सांघेलिया कटनी न्यूज 24




