बडेरा में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत श्रमदान, ग्रामीणों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक, जनभागीदारी से स्वच्छ ग्राम बनाने पर जोर

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक, जनभागीदारी से स्वच्छ ग्राम बनाने पर जोर,
राजेश कुमार तिवारी कटनी न्यूज 24
कटनी, 21 सितंबर। स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत बडेरा में स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम–2026 की जानकारी देते हुए कचरे के उचित निपटान, स्वच्छता के महत्व और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन सहित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं अधिकारियों ने श्रमदान में सहभागिता की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई करते हुए ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत ग्रामीणों को घरों एवं सार्वजनिक स्थानों से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ आमजन की सहभागिता भी आवश्यक है। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से गांवों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा पारस जैन, मंडल अध्यक्ष राम पटेल, रानू साहू, विजय दुबे सहित संगठन के पदाधिकारी, जनपद पंचायत के सीईओ प्रदीप सिंह, तहसीलदार आकाश नीरज, बीसीएसीबीएम जग्गी पटेल, सहायक यंत्री अभिषेक त्रिपाठी, एपीओ वर्षा जैन, प्रभारी बीपीओ मनोज परोहा, ब्लॉक मैनेजर एनआरएलएम प्रदीप जैन सहित ग्रामीणजन एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




