त्योहारों से पहले कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, धारदार चाकू लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार

त्योहारों से पहले कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, धारदार चाकू लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार,
राजेश सांघेलिया कटनी न्यूज 24
कटनी। आगामी त्यौहारों को देखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और आदतन अपराधियों की लगातार चैकिंग की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से धारदार चाकू लेकर घूम रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर पहली कार्रवाई गिरजाघाट से नई बस्ती आदर्श कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से बटनदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान सचिन कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी महात्मा गांधी वार्ड, गांधीगंज, कटनी के रूप में हुई। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1052/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई सोनी बगीचा, गायत्री नगर क्षेत्र में की गई। यहां पुलिस ने घेराबंदी कर परितोष बर्मन, उम्र 19 वर्ष, निवासी नई बस्ती, कटनी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1054/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में प्र.आर. अजय दुबे, कौशल सिंह, आरक्षक पंजाब सिंह, सौरभ तिवारी एवं दीपक चक्रवर्ती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोतवाली पुलिस ने आगामी त्यौहारों के मद्देनजर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




